पति के साथ पातालपानी गई महिला की डूबने से मौत
लोकल इंदौर 14 सितम्बर। शुक्रवार को अपने पति के साथ पातालपानी में पिकनिक मनाने के लिए एक विवाहिता की पानी में डूब जाने से मौत हो गईं। महिला के परिजन उसके पति पर हत्या का आरोप लगा रहे है।
मिली जानकारी के अनुसार विजय नगर कालोनी पीथमपुर में रहने वाले धरमचंद्र साहू अपनी पत्नी वंदना (23) और दोस्त मदनलाल तथा उनकी पत्नी निर्मला के साथ पिकनिक मनाने के लिए शुक्रवार को पातालपानी पहुंचे। दोपहर में धरमचंद्र और उनकी पत्नी वंदना कुंड में नहा रहे थे। नहाते समय वंदना का पैर फिसला और वह कुंड में गिर गई। इसके बाद धरमचंद्र और उनके दोस्त ने उसे बचाने का प्रयास किया लेकिन नहीं निकाल पाए। ग्रामीणों ने मशक्कत के बाद महिला की लाश बाहर निकाली। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस भी मौके पर आ पहुंच गई ।
वंदना की शादी को 5 साल हो चुके हैं और उनका तीन साल का बच्चा भी है। घटना की जानकारी मिलते ही वंदना के मायके वाले भी पहुंच गए थे। उनका आरोप है कि धरमचंद आए दिन मारपीट करता था। उन्होंने उस पर हत्या करने का आरोप भी लगाया।