लोकल इंदौर २० मार्च । मध्यप्रदेश और महाराष्ट्र के बीच यात्री बस परिवहन सेवा कल 21 मार्च से बंद कर दी जाएंगी। यह फैसला महाराष्ट्र में कोरोना के बढ़ते संक्रमण के मद्देनजर लिया गया है। शुरुआत में 21 से 31 मार्च के बीच बस
सेवा बंद रहेगी। उसके बाद स्थिति की समीक्षा की जाएगी, तब फैसला लिया जाएगा।
जानकार सूत्र बताते है कि होली के त्योहार के समय महाराष्ट्र से मध्यप्रदेश आने वाले लोगों की संख्या बढ़ जाती है। इस कारण बस सेवा को बंद किया गया है। बस सेवा का संचालन नहीं होने से लोग मध्यप्रदेश कम संख्या में आ पाएंगे। इस कारण संक्रमण का खतरा भी कम होगा। मध्यप्रदेश औरमहाराष्ट्र के बीच तकरीबन 20 से 25 हजार यात्री रोज सफर करते हैं। ऐसे में प्रदेश में भी कोरोना का संक्रमण फैलने का खतरा बढ़ गया है।
महाराष्ट्र से एक दर्जन बसें मध्यप्रदेश आती हैं, लेकिन मध्यप्रदेश से ढाई सौ से अधिक बसें महाराष्ट्र जाती हैं। सबसे ज्यादा गाडिय़ां इंदौर से पुणे, मुंबई और शिर्डी के बीच चलती हैं। उसके बाद जबलपुर, गोदिया और नागपुर के बीच बसों के संचालन होता है। नागपुर में कोरोना को लेकर स्थिति काफी खराब हो चुकी है।