इंदौर 05 अगस्त.कृषि विकास एवं कल्याण मंत्री श्री सचिन यादव ने कहा है कि छावनी स्थित इंदौर अनाज और तिलहन मण्डी अब छोटी पड़ने लगी है, इसके विस्तार की जरूरत है। इसे अब शहर के बाहर ले जाया जायेगा। इसका विस्तार और उन्नयन किया जायेगा। राज्य शासन द्वारा जिला प्रशासन को नई अनाज मण्डी के लिए जमीन देखने के लिए निर्देश दिये गये है। सबकी सहमति से नई अनाज मण्डी का निर्माण किया जायेगा। इसके लिए राज्य शासन द्वारा शुरूआत कर दी गई है। यह बात आज छावनी अनाज एवं तिलहन मण्डी परिसर में आयोजित समारोह में कृषि मंत्री श्री सचिन यादव ने कही।
उन्होने कहा कि अन्नदाता किसान अपनी फसल कृषि उपज मण्डी में बेचता है। किसान के हित में, जो भी कदम उठाना पड़ेगा, राज्य शासन द्वारा उठाया जायेगा। लगभग 85 साल पुरानी इस कृषि उपज मण्डी के उन्नयन और विस्तार की जरूरत है। नई कृषि उपज मण्डी को तकनीकी दृष्टि से भी अत्याधुनिक बनाया जायेगा। यह मण्डी इंदौर की गरिमा के अनुरूप होगी। यह प्रदेश की सबसे बड़ी मण्डियों में से एक होगी। नई मण्डी स्थापित करते समय व्यापारी, हम्माल और किसानों से चर्चा की जायेगी, उसके बाद समुचित लिया जायेगा । यह मण्डी इंदौर की गरिमा के अनुरूप होगी। यह प्रदेश की सबसे बड़ी मण्डियों में से एक होगी।