लोकल इंदौर १ जनवरी। शहर में बीती रात पार्टी मनाकर घर लौट रहे युवकों की कार के पेड़ से टकरा जाने के कारण एक की मौत हो गयी तथा एक अन्य घायल हो गया। हादसे में चकनापूर हो चुकी गाड़ी को हटाने में पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी।
जानकारी के अनुसार गुरुवार घटना देर रात भंवरकुआं थाना क्षेत्र के आइआइटी पॉर्क चौराहा की है। बताया जा रहा है कि मितेश नामक युवक अपने मित्र रोहित के साथ तेजाजी नगर में पार्टी मनाकर घर लौट रहा था। उनकी तेज रफ्तार कार एक पेड़ में जा टकराई। हादसा इतना भीषण था कि कार के पूरी तरह परखच्चे उड़ गए। घटना में मितेश की मौके ही मौत हो गई। रोहित गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना के बाद रात्रि गश्त कर रहे पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और शव पोस्टमार्टम के लिए महाराजा यशवंतराव (एमवाय) अस्पताल भिजवाया। रोहित को भी उपचार के लिए भर्ती किया गया है।